पुस्तक परिचर्चा एवं रचनापाठ गोष्ठी, 19/07/2026
रिपोर्ट
आज दिनाँक 19 जुलाई, 2026 को बुद्ध विहार लक्ष्मीनगर , दिल्ली में नदलेस के बैनर तले कवि मदन लाल राज के काव्यसंग्रह " गिरगिट " की समीक्षा का कार्यक्रम नदलेस के वर्तमान अध्यक्ष डॉ अमित धर्मसिंह जी अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इसमें समीक्षक के रूप में ग़ज़लकार पद्म "प्रतीक" जी, डॉ बिजेंद्र पाल सिंह "मयंक" जी और इन्द्रजीत सुकुमार जी रहे ।
कार्यक्रम में थोड़ा परिवर्तन करते हुए पहले सत्र में काव्य संगोष्ठी आयोजित की गई और दूसरे सत्र में "गिरगिट" काव्यसंग्रह पर समीक्षा हुई। काव्य संगोष्ठी का सफल संचालन हमेशा की तरह नदलेस के सचिव लोकेश कुमार लकी ने किया।
काव्य संगोष्ठी की शुरुआत कवयित्री सलीमा जी ने वर्तमान ज्वलंत घटनाचक्र में चंदा चोरी प्रकरण पर कविता सुनाकर की - "चंदा चम्पत हो गया" राम राज आएगा कभी राम - राम करके/ प्रजातंत्र में फहरायेगा भगवा राम - राम करके। इसी लीक को आगे बढ़ाते हुए देव राज सिंह देव ने अपनी पंक्तियां कुछ इस प्रकार पढ़ी -" तुझे हिंदू कहूँ या मुस्लिम/ तुझे सिख कहूँ या इसाई/ तेरा नाम जगत में मानव/ तूने कैसी गंद फैलाई।" इसके पश्चात मामचंद सागर जी ने गम्भीरता से परिपूर्ण अपनी कविता प्रस्तुत की-" टूटे सपनों की चटक सुने कौन/ बुने थे जो सपने सभी हो गये मौन।, चिरकाल से चिरकाल के लिए/ सुदूर देश सुदुर लोक तक।" इनके पश्चात गौतम प्रकाश जी ने बेहतरीन गज़ल पेश की -" दुरुस्त मुल्क के हालात ।, एक वृक्ष एक पिता।" राधेश्याम कांसोटिया जी ने अपने चिरपरिचित अंदाज में एक क्षणिका -" कौन कहता है कि स्वर्ग नहीं होता-/ नरक नही होता -/ स्वर्ग भी नरक भी/ पृथ्वी पर विराजमान होता है।" डॉ बिजेंद्र पाल सिंह "मयंक" ने अपनी एक गज़ल तरन्नुम में कुछ यूँ गुनगुनाई -" दर्द सारे भूल जाना चाहता हूँ/ फिर से नुस्खा आजमाना चाहता हूँ/ डूब जाने दो मुझे मझधार में/ आचमन के पार जाना चाहता हूँ।" इसी कड़ी में पद्म "प्रतीक" जी ने भी अपनी गज़लें तरन्नुम में ही सुनाई -" आईना यूँ दिखा गया कोई/ मुझको मुझ से मिला गया कोई/ तोड़ कर दिल "प्रतीक" का यारों/ उसको शाइर बना गया कोई।" इसके पश्चात मदन लाल राज जी ने ओशो द्वारा दिए गए प्रवचन के आधार पर एक हास्य - व्यंग की कविता "एक सबक -जैंथिप्पे " सुनाई - " महान दार्शनिक सुकरात की थी जो जनानी / गुस्सैल इतनी कि जैसे हो चुड़ैलों की रानी/ सुकरात भी अपनी पत्नी से थे उम्र में बड़े/ पता नहीं कैसे जवान औरत के पचड़े में थे पड़े।" पुष्पा विवेक जो कि स्त्री परक रचनाएँ लिखते हुए कहती हैं कि -"प्रतिभाएं कभी किसी की मोहताज नहीं होती / नहीं निर्भर होती हैं किसी पर/ वे अपना रास्ता स्वयं बनाती हैं/ समय - समय पर ये सिद्ध किया है/ दलित आदिवासी मजदूर- किसानों की नई पीढ़ी ने।"
श्रेष्ठ गीतकार इन्द्रजीत सुकुमार जी ने बहुजन समाज की रहनुमाई करने वाले नेताओं को आड़े हाथ लेते हुए गीत प्रस्तुत किए -" कौम के शख्स जो काम आते नहीं/ कौम को भी यक़ीनन वो भाते नहीं/ उन को इतिहास कल माफ कर देगा क्या/ घर से बाहर जो निकल कर आते नहीं।" फिर लोकेश कुमार लकी ने अपनी आशु गज़ल कुछ यूँ गुनगुनाई -" सच्चाई को दबाया गया हर मोड़ पर / हमको आपस में लड़ाया गया हर मोड़ पर।"
अंत में इस कार्यक्रम के दोनों सत्रों की अध्यक्षता कर रहे नदलेस के वर्तमान अध्यक्ष आदरणीय अमित धर्मसिंह जी ने अपनी ग़ज़लों के अशयार कुछ यूँ पढ़ें -" मौत की महफ़िल सजाते फिर रहे हो/ भीड़ में तुम बम लगाते फिर रहे हो।, क्या इबारत लिख रहे हो क्या ख़बर है/ क्या लिखे में क्या मिटाते फिर रहे हो।"
दूसरे सत्र में "गिरगिट" काव्यसंग्रह की समीक्षा की गई।
समीक्षक पद्म प्रतीक जो ग़ज़लों के जानकार हैं। उर्दू में अच्छी पकड़ है । वो कहते हैं कि मदन लाल राज कि "क्रांतिकारी चिड़िया" संदेशात्मक कविता है। शीर्षक कविता "गिरगिट " कुछ कमजोर लगी। उसमें थोड़ी और विवेचना होनी चाहिए थी। "कछुआ और खरगोश" लोगों को प्रयासरत होने की प्रेरणा देती है। "साँप और सीढ़ी " एक बेहतरीन उम्दा और संजीदा रचना है। युक्लैपिटस किस प्रकार से पूंजीवाद का प्रतीक है? ये प्रश्न खड़ा किया। "भड़का हुआ मतदाता" में साहित्यिक भाषा के स्थान पर गाली-गलौज वाली भाषा का प्रयोग हुआ है। "रिक्शेवाला " एक मार्मिक रचना है। यदि आप कविता की भाषा को इशारों में लिखते तो बेहतर होता। अभिधा शब्द शक्ति का ज्यादा प्रयोग किया है। उपनाम "राज" शब्द में ज के नीचे नुक्ते का प्रयोग क्यों नहीं किया। गोखरू जैसी औषधीय गुणों से भरपूर पौधे की नकारात्मक छवि दिखाना ठीक नहीं है।
डॉ बिजेंद्र पाल सिंह "मयंक" ने अपनी समीक्षा में कहा कि "गिरगिट" काव्यसंग्रह में कवि ने ज्यादातर कविताएँ जानवरों को प्रतीक मानकर लिखी हैं। कुछ रचनाएँ कवि के वास्तविक जीवन में जो आहत हुए हैं। उनकी वेदना इन कविताओं के रूप परिलक्षित हुई है। कविता में शब्दों का प्रयोग अलंकृत होना चाहिए ना कि हथोड़े के रूप में। कविता पाठकों को सुधारने का साधन नहीं है। "साँप और सीढ़ी " कविता की जितनी तारीफ की जाए उतनी कम है। कुछ रचनाएँ हल्की है। स्तरीय नहीं है। थोड़ी एडीटिंग पर ध्यान दिया जाना चाहिए। "स्टिंग रे " समझ नहीं आई। कुछ रचनाएँ घटनाओं से प्रेरित होकर लिखी हैं।
इंद्रजीत सुकुमार जी ने सीधे तौर पर बताया कि रचनाएँ प्रतीकात्मक रूप में लिखी गई हैं। कविताओं में बिम्बों का सुंदर ढंग से प्रयोग हुआ है। लोग किस प्रकार रंग बदलते हैं। उनकी कविताओं में साफ दिखाई देता है। धूर्त लोग आम आदमी की अस्मिता से किस प्रकार खेलते हैं उनको सांकेतिक रूप चिन्हित किया है।
सभी समीक्षकों की प्रतिक्रिया के पश्चात कवि मदन लाल राज ने अपने काव्य संग्रह "गिरगिट " पर अपना मंतव्य प्रस्तुत किया। "राज " उनका उपनाम है। जिसके संदर्भ में उन्होंने जो दलील दी। राजस्थान की पृष्ठभूमि से होने के कारण, राज शब्द उन्हें प्रिय लगा। कवि के पिता एक राज मिस्त्री थे। ये सारा समर्पण उनके लिए ही था। शीर्षक कविता "गिरगिट " में चार - चार पंक्तियों के तीन बंध है। पहले में गिरगिट द्वारा लोगों की आँखों को धोखा देना। उसके बावजूद कोई शिक़ायत नहीं। दूसरे बंध में गिरगिट को ये गुण प्रकृति से प्राप्त है । तीसरे और अंतिम बंध में कवि गिरगिट से शिकायत करता है कि तूने जनता के साथ विश्वासघात किया है क्योंकि रंग बदलने के गुण को नेताओं के यहाँ गिरवी रख दिया। कविता का उद्देश्य पूरा हो जाता है तो उसको लम्बा खींचने का कोई औचित्य नहीं रह जाता । युक्लेप्टिस को पूंजीवाद का प्रतीक इसलिए माना जाता है कि वह प्रति दिन लगभग दस - बारह लीटर पानी अपने जड़ों से सोखता है और वायुमंडल में वाष्पित कर देता है। यानी आस -पास जो छोटे मोटे पेड़ पौधे उगे हैं उनके हिस्से का जल भी स्वयं ही खींच लेता है। "भड़का हुआ मतदाता" कविता में गाली गलौज जैसे शब्दों का उपयोग व्यंग्यात्मक दृष्टि कोण को ध्यान में रखते हुए किया गया है। जी हुजूरी वाले शब्द कारगर नहीं होते। गीत ग़ज़ल आदि के लिए कोमल और कर्णप्रिय शब्द आवश्यक हैं उसी प्रकार व्यंग्य के लिए गहरे और जिन्हें सुनकर कान लाल करने वाले, अंदर तक झकझोर देने वाले तथा हथौड़े के समान प्रहार करने वाले शब्द ज्यादा उपयुक्त होते हैं। जहाँ तक गोखरू शब्द का नकारात्मक इस्तेमाल करने का यह कारण है। यदि किसी शारीरिक या सामाजिक बीमारी को आप जड़ से खत्म करना चाहते तो गोखरू की जड़ में मट्ठा डालने वाली सुक्ति का प्रयोग करते हैं। गोखरू के पौधे को काटने का कोई फायदा नहीं वह फिर से उग आता है। हाँ ये बात सत्य है कि इस काव्य संग्रह में अभिधा शब्द शक्ति का प्रयोग अधिक हुआ। लक्षणा शब्द शक्ति कम दिखाई पड़ती है। आगामी पुस्तक में व्यंजना में और इशारों में बात कहने की कौशिश की जायेगी।
दूसरे समीक्षक द्वारा कहा गया कि ज्यादातर रचनाएं जानवरों को प्रतीक मानकर ही गढ़ी गई हैं इसमें कोई दो राय नहीं। क्यों कि जीव-जंतु और जानवरों के चारित्रिक गुणों को मनुष्य ने अपना लिया है। उसका समाज में दुष्परिणाम नज़र भी आ रहा है। यह सत्य है कि कुछ रचनाएँ कवि के व्यक्तिगत जीवन से सरोकार हैं। उसका भी रिस्तेदारों द्वारा आर्थिक और सामाजिक शोषण हुआ तथा नौकरी में बेहतर प्रदर्शन के बावजूद जातिगत दंश भी झेला है। कवि के बहुआयामी व्यक्तित्व को सामान्य वर्ग पचा नहीं पाया। आवरण पृष्ठ पर गिरगिट के सिर पर टोपी नेताओं का ही प्रतीक रूप है। जिससे कि मुख्य पृष्ठ से ज्ञात हो जाए कि यह व्यंग्यात्मक शैली में लिखी गई पुस्तक है।
स्टिंग रे एक मछली है जब वह तैरती है तो ऐसा प्रतीत होता है मानो सारे समंदर को अपने आगोश में समेटे लेना चाहती है। उसके वर्चस्ववादी दृष्टिकोण को प्रस्तुत करने की कोशिश की गई है। मेरे नाम को लेकर तथ्यात्मक प्रश्न उठाया है। मदनगीर कालोनी सन् उन्नीस सौ बासठ - तिरेसठ से बसना शुरू हो गई थी। अलाटमेंट के पेपर्स में यह सन् दर्ज है।
तीसरे समीक्षक ने बहुत ही संक्षिप्त व सटीक रूप में बताया कि "गिरगिट" काव्य संग्रह में सुंदर बिम्बों का प्रयोग हुआ है और इसमें प्रतीकात्मक कविताएँ हैं।
अंत में आज की काव्य संगोष्ठी, समीक्षा और नदलेस के अध्यक्ष आदरणीय डॉ अमित धर्मसिंह जी निष्कर्ष स्वरूप अपनी बात बेबाकी से रखी कि कविता के बीच पंक्तियों में जो अर्थ छिपे होते हैं या उसके नेपथ्य में जो कवि सोच कर शब्दों को गढ़ता है उस पूरे अर्थ को समझना एक चुनौती होती है क्यों कि कविता विचार श्रेणी की तरह भी चली जाती हैं, प्रतीकात्मक की ओर भी चली जाती हैं। कभी हम पढ़ने में भी भूल कर सकते हैं और कई बार लेखक उसको समझाने में कमजोर पड़ सकता है। लेखकीय सत्ता अलग होती है वह उस समय किस संदर्भ में देखता है, उसको गढ़ता है । उसके दायरे की बात है। जब दृश्य देख रहा होता है वह दृश्य और दृष्टि के साथ अकेला खड़ा होता है।
पाठकीय सत्ता उससे हु-ब-हू प्रभावित हो सकता है लेकिन आलोचक नहीं। क्यों वह भी लेखक या कवि ही होता है। गम्भीर अध्यता तो होता ही है और वह इस कसौटी को जानता है। कविता में कविताई हुई है कि नहीं हुई है। उसका अर्थ पूरा संप्रेषित हुआ है कि नहीं हुआ है। कवि जो कहना चाह रहा है वो कह पाया कि नहीं कह पाया है। या फिर उसके और अर्थ निकल गये हैं। बात कुछ और थी और बन गई है। यह कवि कवि कौशल को संदिग्ध बनाता है। यह एक ऐसी महीन प्रक्रिया है , सुधारात्मक साहित्य के जिसमें कवि कभी पूर्ण होता है, ना पाठक होता है और ना ही आलोचक होता है। प्रकाशक को तो इससे कोई मतलब ही नहीं होता। पर हमें समाज में बदलाव की लहर कायम रखनी है। इस लहर को हम ही लोग कायम रख सकते हैं। ऐसे में कुछ ना होने से कुछ हो रहा है तो उसका स्वागत करना चाहिए।
आज कवि मदन लाल राज जी यहाँ उपलब्ध है तो समीक्षकों का जवाब दे दिया। स्पष्टीकरण दे दिया। यदि पाठक दूर दराज से है तो वहाँ सम्भव नहीं है और स्पष्टीकरण गैर जरूरी हो जाता है। मेरा मानना है कि इतना लम्बा स्पष्टीकरण की आदत ना पालें। पाठक ने और आलोचक ने जो कहा, जैसे समझा। हमने उससे क्या निचोड़ निकाला उसे मन में रखकर अगली कविताओं में जरूरी है तो उसका संवर्धन करें वर्ना उपेक्षित करें। सुधार अंतहीन होता है। समय सापेक्ष चीजें बदलती रहती हैं। देवनागरी लिपि से नुक्ता पूरी तरह हटा दिया है। "राज" उपनाम है इसमें ज्यादा सोचने समझने की जरूरत नहीं है।
" गिरगिट" काव्य संग्रह में दो शेड की कविताएं हैं जिनमें पहले भाग में प्रकृति से प्रतीकात्मक रूप में उठाई गई हैं और जीव-जंतुओं को प्रतीक मानकर लिखी गई है। जिससे कवि को अपनी बात कहने में आसानी रहती है। इसमें हास्य-व्यंग्य में लिखी गई क्योंकि मदन लाल राज जी का सम्बंध मंचीयता से है। मंचीय आग्रह को ध्यान में रख कर समाज सुधार का काम भी किया है। दूसरा शेड इसी से सम्बंधित है।
आगे आने वाली कविताओं में वर्गीकरण की गुंजाइश नहीं मिलेगी। वो कविताएँ आपको आपकी केंद्रीयता से नहीं हटने देगी। लेखकीय जिम्मेदारी के वर्कस टिका हुआ है। स्थिर हुआ है। भटकाव नहीं है और यह सम्भव हुआ है। हम सब के साथ से , हमारी सामूहिक समझ से और हमारी विचारधारा से। दूसरे फेस में हम मदन लाल राज जी को संवर्धित होने, परिष्कृत होने पर हम उनको बधाई देते हैं। आने वाली पुस्तकों में हम मदन लाल राज जी को सुघड़ और सशक्त रूप साहित्य और विचार की दृष्टि से देखेंगे । इसमें कोई दो राय नहीं है। क्योंकि
जो निष्ठा , जो लगन, जो प्रतिबद्धता
मदन लाल राज जी में दिखाई पड़ रही है उसका प्रतिफलन आने से कोई रोक नहीं सकता है। निश्चित रूप से अपने समय में अपना असर, अपनी पहचान जरूर छोड़ेगी। मैं हृदय की गहराइयों से इस पुस्तक के लिए आगामी पुस्तकों के लिए बधाई देना चाहते हैं।
आज के इस कार्यक्रम के संयोजक इन्द्रजीत सुकुमार जी का भी धन्यवाद प्रेषित करते हैं।
रिपोर्टर - मदन लाल राज
19 जुलाई, 2026


































Comments
Post a Comment