ग़ज़लशाला-चौदह ,प्यास ही प्यास (बी आर विप्लवी), 12/07/2026 को सम्पन्न
दिल्ली। कथित ऑनलाइन गोष्ठी नदलेस की चौदहवीं ग़ज़लशाला रही. इस ग़ज़लशाला में जानें माने ग़ज़ल कार B.R.viplavi के ग़ज़ल संग्रह, 'प्यास ही प्यास' पर चर्चा हुई l चर्चा में संगठन के कई सदस्यों ने भागीदारी दर्ज की। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. अमित धर्मसिंह ने की एवं सुन्दर संचालन लोकेश कुमार द्वारा किया गया। नदलेस की यह गोष्ठी भी अन्य गोष्ठियों की तरह सफल रही। प्यास ही प्यास पर परिचर्चा हेतु आर पी सोनकर, डॉ. रामावतार सागर और डॉ. लाल रत्नाकर उपस्थित रहे। लेखकीय अभिमत एवं ग़ज़लपाठ के लिए बी आर विप्लवी जी एवं धन्यवाद ज्ञापन के लिए मामचंद सागर उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने गजलों पर अपनी-अपनी टिप्पणियां दी।
बी आर विप्लवी ने सभी वक्ताओं को अपने ग़ज़ल संग्रह पर परिचर्चा के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि ग़ज़ल कला एक बेहद नाजुक कला है। थोड़ी सी शब्दों की चूक हो तो सारी ग़ज़ल ख़राब हो जाती है। इसी कड़ी में उन्होंने ग़ालिब का उदाहरण देते हुए कहा कि ग़ालिब के कोई 1500 अशआर हैँ। ग़ालिब अपने समकालीन ग़ज़लकारों से कहीं आगे हैं। लोग उन्हें आज भी याद करते हैं और उनके शेरों के आज भी उदाहरण देते हैं। इसकी वज़ह है कि ग़ालिब ने अपने जीवन में जिन जिन विधाओं को ग्रहण किया केवल उनपर ही काम किया। उसके अलावा सब स्वयं काट दिया। अपना लिखा भी काटकर बेकार का सृजन स्वयं निकाल दिया। ग़ालिब ने गज़लों को सरल बनाया ताकि आम लोगों तक उनकी ग़ज़लें पहुंच सके। विप्लवी जी ने आगे अपनी बात बढ़ाते हुए कहा कि, मीर और ग़ालिब की कोई तुलना नहीं है परंतु ग़ज़लकार कहते हैँ कि मीर के कलाम की जटिलता उन्हें आम लोगों से दूर करती है। विप्लवी जी ने लोगों से गुज़ारिश की कि ग़ज़लों को भाषा में ना बांधे इसे 'हिन्दी ग़ज़ल व उर्दू ग़ज़ल के दायरों में ना बाँधे। उन्होने कहा कि "ग़ज़लग़ज़ल में ऊर्दू शब्दों का उपयोग कोई गुनाह नहीं है।" भाषा में इतनी उदारता होनी चाहिए ताकि पाठक तक उनका सही भाव पहुँचे। कुछ लोग गज़लों में उर्दू शब्दों के प्रयोग पर भी पाबंदी लगाना चाहते हैं। श्रेष्ठ साहित्य के सृजन में भी साम्प्रदायिकता फैलाना चाहते हैं। विप्लवी जी ने भावी साहित्यकारों से गुज़ारिश की, कि वे लगातार लिखते रहें। दुनिया में सारी चीजें समाप्त हो जाएंगी, केवल लिखित साहित्य रह जायेगा इसलिए लिखते रहिए, अविरल। लेखकों से उन्होंने प्रार्थना की कि आज नहीं तो कल आपको आपके हिस्से की पहचान मिलेगी। ना सिर्फ लिखना ही ब्लकि पढ़ना और आपसी परामर्श भी जारी रखें। कबीर का उदाहरण देते हुए हमारे ग़ज़लकार ने आगे कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जितना शोध आज कबीर पर होता है उतना तुलसी पर नहीं।
विप्लवी जी ने आगे बात बढ़ाते हुए कहा कि कबीर की रचनाएँ आज के युग में भी सटीक हैं। उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इतने समय अंतराल पर आज पहचान मिल रही हैं। फिर अपने वक्ताओं की दी हुई टिप्पणियों पर उन्होने बात की। इसी सन्दर्भ में विप्लवी जी नें वरिष्ठ ग़ज़लकार आर पी सोनकर जी द्वारा उद्धृत तथ्यों की चर्चा की। "रामराज आने को है, सहमी सहमी सी सीताएं।" ग़ज़लकार कहते हैं कि कौन लाना चाहता है रामराज्य? हम सभी जानते हैं। उस रामराज्य में सीताओं की बात कही गई है। सीताओं को बनवास दिया जाएगा, त्यागा जाएगा। केवल ऊपर दिए एक शेर में इतनी गहराई है जैसे गागर में सागर भर दिया हो।
विप्लवी जी ने फिर अपनी ग़ज़लें पेश की
"जात से जंग, हंसी खेल नहीं
हम कमेरो में इतना मेल नहीं ।"
जातिवाद पर आगे कटाक्ष करते हुए कहते हैं कि
चले नफरत के पांव से मोहब्बत
यह हिटलर का घराना चाहता है।"
गज़लकार मेहनत करने वालों पर कहते हैं
"मेहनत अंधी चक्की पीसे और
मक्कारी खाए गुड़ घी से।"
माहौल को थोड़ा सौंदर्य रस से भिगोकर विप्लवी जी ने एक शेर यूं कहा
"बिना बताये मत आ जाना
मर जाते हैं लोग खुशी से।"
हमारे ग़ज़लकार विप्लवी जी ने कौमी एकता की बात करते हुए कहा कि "वो चाहते हैं वर्ण-धर्म की दुकान चले
हमारी जिद कि लोकतंत्र, संविधान चले।
वो चाहते नहीं कि हम मिलकर एक हो जायें
इधर की घंटियाँ बजे उधर आजान चले।"
विप्लवी जी ने लेखकों से इस ग़ज़ल कारवाँ को आगे ले जाने की बात की और नवोदय एवं प्रतिष्ठित ग़ज़लकारों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए अपनी बात को विराम दिया।
वार्ताकार रामावतार जी ने विप्लवी जी की ग़ज़लों को मुख्य धारा से जोड़ते हुए उनकी सटीकता रखी। उन्होंने कहा कि ऐसे महत्वपूर्ण ग़ज़ल संग्रह पर चर्चा रखना उम्दा रहा और इसकी तुलना उन्होंने दुष्यंत और गोंडवी जी की ग़ज़लों से की। ग़ज़लशाला को आगे बढ़ाते हुए हमारे अध्यक्ष महोदय अमित धर्मसिंह जी ने कहा कि "प्यास ही प्यास जैसे ग़ज़ल संग्रह पर चर्चा करना हमारा सौभाग्य है।" अमित जी नें प्यास ही प्यास के बारे में बताते हुए कहा कि इस पुस्तक की प्रस्तावना श्री वसीम बरेलवी ने लिखी है जो अपने में एक उपलब्धी है कि वसीम जी जैसी अजीम शख्सियत जिस किताब की प्रस्तावना लिख रही है उसमें कुछ तो बात होगी। हमारे साहित्यिक सफर में अभी तक उस्ताद-शागिर्द वाली संरचना नहीं है परंतु हम एक सूत्र में बंधे हुए हैं। हम सब अम्बेडकर, फुले और बुद्ध की परम्परा व विचारधारा को लेकर चलते हैं। बीते समय से आज घरों में पारिवारिक संरचना ध्वस्त हुई है। यहां तक कि प्रेम की शुद्धता पर भी प्रहार किया है। अध्यक्ष महोदय ने विप्लवी जी की बात का समर्थन करते हुए कहा कि हमें निरंतर लिखते रहना चाहिए और परस्पर विचार-विमर्श करते रहना चाहिए। क्योंकि हम लोग किसी प्रकार की लोकप्रियता, ऐश्वर्य के लिये नहीं ब्लकि समाज में फैली कुरीतियों पर प्रहार करने के लिए लिख रहे हैं। अमित जी ने आर पी सोनकर जी को कोट किया "हम कब तक दूसरों की परंपराओं के पिछलग्गू बने रहेंगे और अपनी परम्परायें कब स्थापित करेंगे ।" श्यामलाल राही ने अब तक के सबसे अधिक ग़ज़ल संग्रह लिखे हैं और मान की बात है कि वे अब तक निरंतर चिन्तन कर रहे हैं, लिख रहे हैं और सीख रहे हैं। लोग भी इसको फॉलो कर रहे हैं। तो इस प्रकार हमारी अपनी परम्परा भी धीरे-धीरे स्थापित हो रही है।
अमित जी के बाद माम चंद जी ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि मुझे चौदह ग़ज़लशालाओं में से सबसे सार्थक यही लगी। शुरू की ग़ज़लशालाओं में उन्हें ग़ज़लों का क ख ग भी पता नहीं था। पर अब हर ग़ज़लशाला से सीखते सीखते वे यहां तक पहुंचे हैं। और निरंतर सीखते जा रहे हैं। उन्होंने विप्लवी जी की ग़ज़लों की ना केवल दुष्यंत जी और गोंडवी जी की ग़ज़लों से तुलना की बल्कि विप्लवी जी की ग़ज़लों को उनसे श्रेष्ठ कहते हुए इस ग़ज़लशाला को समाप्ति पर लाते हुए कामना की कि इसी प्रकार की ग़ज़लशालाओं को भविष्य में भी नदलेस द्वारा किया जाता रहेगा।
रिपोर्ट saleema
दिनाँक 17/07/26
नदलेस के इस पटल से जुड़े हुए सभी मित्रों को मेरा नमस्कार ।
यूं तो गजलकार श्री बी आर विप्लवी के कई संकलन प्रकाश में आ चुके हैं।और देश के अनेक छोटी बड़ी पत्रिकाओं में उनकी रचनाएं खूब छपती हैं।हाल ही में आई पुस्तक दुष्यंत की जमीन पर में भी वे शामिल हैं किंतु आज हम उनके ताजा गज़ल संग्रह प्यास ही प्यास पर चर्चा करने के लिए इस आभासी पटल पर एकत्रित हुए हैं। गजलकर श्री विप्लवी जी का यह गजल संग्रह प्यास ही प्यास उन्हें अन्य गजल कारों की भीड़ से कई मायनो में अलग खड़ा करता है। एक तो उन्होंने सामाजिक विसंगतियों और धार्मिक पाखंडों पर अपनी निडर अभिव्यक्ति इन गजलों के माध्यम से प्रस्तुत की है। दूसरे उनकी भाषा और शैली परंपरागत रोमांटिक शायरी से अलग व्यंगात्मक और तेवरी लिए हुए है जो सरल हिन्दवी भाषा में उपस्थित हुई है।
पुस्तक की भूमिका देश के प्रसिद्ध शायर वसीम बरेलवी ने लिखी है, जिनका मानना है कि बेशुमार रंगों के बावजूद बी आर विप्लवी अपने शेरी खुलूस को हाथ से नहीं जाने देते। यही उनकी पहचान है। शायर विप्लवी भी अपने आत्मकथ्य में कहते हैं ,, जो गजल शिल्प को साधते हुए अपने अलग तेवर के साथ सम्प्रेषणीयता की शर्त को पूरा कर सके, वही गजल अपना संदेश पाठकों तक पहुंचाने में सफल होती है।
उनकी 100 गजलों का यह संकलन विविध विषयों पर अपनी बेबाक राय रखता है। परंतु उनका मूल स्वर पीड़ित मानवता के साथ अन्याय के विरुद्ध एक आंदोलन जैसा लगता है। रिश्तो, विसंगतियों और सामाजिक राजनीतिक समस्याओं से जूझती उनकी गजलें केवल गज़लकार का आक्रोश ही व्यक्त नहीं करती हैं बल्कि आम आदमी के बंद होठों को जबान देने का काम करती हैं। उनकी गजलें समाधान का रास्ता भी सुझाती है। आज के स्वार्थी युग में हर किसी पर विश्वास कर लेने का दुष्परिणाम भी हो सकता है ।इस बात को सीधे सरल शब्दों में शायर ने इन पंक्तियों में व्यक्त किया है ,,,,
सफर में साथ चलता हर कोई अपना नहीं होता,
मुसाफिर यह समझ लेता तो फिर धोखा नहीं होता
दुष्यंत की परंपरा में लिखने वाले चुनिंदा गजल कारों में भी आर विप्लवी का नाम शुमार होता है। जाहिर है समाज की विसंगतियों और विद्रूपताओं पर प्रहार करना उनकी रचनाओं की एक विशेषता है। पृष्ठ 24 पर उनका यह शेर इस बात को प्रमाणित करता है,,
एक सरकारी मुलाजिम किस तरह इंसाफ दे ,
मेहरबां सरकार मुजरिम पर अगर हो जाय तो
पुस्तक का शीर्षक प्यास ही प्यास ,, शायर की छटपटाहट का परिचायक है, जो समाज के बड़े तबके की त्रासदी को प्यास कहकर उसकी भयावता को दर्शाता है ,जो कभी बुझती नहीं ।
शीर्षक को सार्थक करती ये पंक्तियां उल्लेखनीय है ,,
वह मिला तो तिश्नगी बढ़ती गई बढ़ती गई,
सागरों में पीने भर पानी नहीं होता है क्या
विप्लवी जी की गजलों में छोटी बहर की गजलें भी काफी संख्या में है। उनका एक शेर गौर तलब है ,
सच कहना आसान नहीं था
पहले इसका ज्ञान नहीं था
अपनी व्यंग्यात्मक टिप्पणियों के लिए मशहूर विप्लवी अपने शेरों में व्यवस्था को ललकारते हैं ,,
जनता को हक मिले कहां से चारों तरफ दलाली है,
चमड़े का दरवाजा है और कुत्तों की रखवाली है
शायर सरल सीधे शब्दों में चुटीले व्यंग्य से पाठकों को सोचने के लिए मजबूर कर देता हैं ।उनकी व्यंग्य शैली का बेहतरीन उदाहरण देखिए ,,,
भूख का रंग अमावस जैसा ,पेट भर तो पूरनमासी ,
रिहा हो गए माला टोपी
जेहल खटते शूद्र मिरासी
आक्रोश और विद्रोही तेवर श्री बीआर विप्लवी की गजलों की विशेष पहचान है। पृष्ठ 101 पर यह शेर सांप्रदायिक सद्भाव का बेहतरीन उदाहरण है ,,,
इक धर्म एक दीन रखते हैं
प्यार में जो यकीन रखते हैं
शायर ने मुहावरों के माध्यम से भी अपने शेरों में समाज की स्थिति का चित्र खींचा है,,, जैसे,,,
खेत खाए गधे कुलाहों के
कान पकड़े गए जुलाहों के
आजादी के बाद भी देश की आबादी का एक बड़ा हिस्सा अधिकारों से वंचित है। उनका यह शेर उल्लेखनीय है,,
गणतंत्र खस्ता जान है लिक्खूं कि न लिक्खूं
ठेंगे पे संविधान है लिक्खूं कि न लिक्खू
कुल मिलाकर प्यास ही प्यास में शायर अपने मंतव्य को पाठको तक पहुंचाने में सफल हुआ है ।हिंदी उर्दू अरबी फारसी यानी हिंदवी बोली में उनकी ये गजलें समाज के विकृत चेहरे को उजागर करती हैं ।उन्होंने न केवल समाज के दबे कुचले वर्ग के अधिकारों की पैरवी की है बल्कि सामान्य जन की आकांक्षाओं को भी अपनी गजलों में उतारा है। उन्हें इस ग़ज़ल संग्रह के प्रकाशन पर हार्दिक बधाई देते हुए मैं आशा करता हूं कि उनका यह संग्रह हिंदी गजल के क्षेत्र में अपना विशेष स्थान बनाएगा। गजलकार को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं।
डॉक्टर रामगोपाल भारतीय, मेरठ।




























Comments
Post a Comment