30/12/2022 को हुई 2022 की आखिरी गोष्ठी की रिपोर्ट
रिपोर्ट : नदलेस ने आयोजित की स्वतंत्र काव्य पाठ गोष्ठी
नदलेस द्वारा आयोजित 2022 की आखिरी गोष्ठी स्वतंत्र काव्य पाठ पर केंद्रित रही। इसकी अध्यक्षता डा. कुसुम वियोगी ने की और संचालन डा. अमित धर्मसिंह ने किया। गोष्ठी में सामाजिक परिवर्तन, समानता और न्याय की पक्षधर, एक से बढ़कर एक कविता प्रस्तुत की गई। ये कविताएं कथ्य में जितनी विविध रहीं उतनी ही शिल्प और विधा में वैविध्य लिए हुए रहीं। तहत और तरन्नुम से पढ़ी गई अधिकांश कविताएं और गजलें खूब पसंद की गई। काव्यपाठ करने वाले रचनाकार क्रमशः डा. प्रेरणा उबाले, अनिल कुमार गौतम, जोगेंद्र सिंह, तरुण कुमार, उमेश राज़, डा. धीरज वनकर, डा. पूनम तुषामड, डा. घनश्याम दास, सुरेश सौरभ गाजीपुरी, सईद परवेज़, डा. खन्नाप्रसाद अमीन, डा. नविला सत्यादास, भगवान दास सुजात, डा. मनोरमा गौतम, ममता अंबेडकर, डा. अमिता मेहरोलिया, मोहनलाल सोनल मनहंस, पुष्पा विवेक, बिभाष कुमार, आर. पी. सोनकर, इंदु रवि, बंशीधर नाहरवाल, चितरंजन गोप लुकाटी, डा. अनिल गौतम, हरीश पांडल, विनोद सिल्ला, सिद्धार्थ प्रकाश, डा. सुनीता मंजू, योगेंद्र प्रसाद अनिल, तिलक तनौदी स्वच्छंद, एस. एन. प्रसाद, और डा. कुसुम वियोगी रहे। उक्त के अतिरिक्त गोष्ठी में आर. सी. यादव, डा. एल. सी. जैदिया, महिपाल, डा. गीता कृष्णांगी, अफसा मश्याक, सोमी सैन, पल्लवी प्रियदर्शनी, असीर मुलानी, खुशवंत मेहरा, कश्मीर सिंह, मामचंद सागर, लोकेश कुमार, आर. एस. मीणा, राकेश कुमार धनराज, बृजपाल सहज, अंजली दुग्गल, डा. अनिल कुमार, आर. एस. आघात, रविद्र नाथ पिडाला, सीता देवी आदि साहित्यकार उपस्थित रहे।
गोष्ठी का आरंभ डा. प्रेरणा उबाले की कविताओं से हुआ। उन्होंने बाबा साहब अम्बेडकर और बुद्ध से संबंधित कविताएं पढ़ी -"बाबा देख रहे हो ना- देख बाबा जगाई!तुमने जों मनुष्यता, उसके सामने झुक गई निर्दयता, परास्त हुई व्यवस्था, गगन में विस्तीर्ण, निलाई को, आज सलाम करती है दुनिया, सलाम करती है दुनिया।" अनिल कुमार गौतम ने संविधान को केंद्र में रखकर "मैं संसद का श्रृंगार संविधान बोल रहा हूं।" शीर्षक से औजपूर्ण कविता का पाठ किया। लोकतंत्र को केंद्र में रखकर सुरेश सौरभ गाजीपुरी ने कविता पढ़ी- "मैं भारत का लोकतंत्र हूँ गणमान्य के हाथों में। सत्ता के लोभी नेताओं की फँसता हूँ बातों में।।" ममता अंबेडकर की कविता की पंक्तियां कुछ इस प्रकार रहीं- "अपने खुश हाल जीवन के लिए रमाबाई ने भी तो देखे थे ख्वाब ना जाने कितने लेकिन। माता रमाबाई के दिल में दलितों की पीड़ा के जाग उठे थे दर्द ना जाने कितने।" डा. धीरज वनकर ने भारत में व्याप्त जातिवाद को अपनी कविता का केंद्र बनाया और पढ़ा -"हम दलित जाति में पैदा हुए, इससे क्या हो गया, समझ में आता नहीं, हम भी भारत देश की संतान हैं। जैसे तुम हो...तुम्हारा और हमारा शरीर है समान!" सिद्धार्थ प्रकाश ने ओजस्वी वाणी में काव्यपाठ किया- "संविधान के अनुच्छेदों की रक्षा करने निकला हूँ। संसद हार चुकी है तब मैं कविता पढ़ने निकला हूँ।" तिलक तनौदी स्वच्छंद ने कविता कुछ यूं पढ़ी -"आतंक अशिक्षा अत्याचार घटाने को भुखमरी, कुपोषण जड़ से मिटाने को। कोई व्रत प्रार्थना नमाज़ अदा क्यों नहीं। देश-दुनिया से विषमता हटाने को। अब कोई कन्हैया न आएगा, तेरी लाज बचाने नारी। बन 'फूलन' टूटो दुष्टों पर, प्रहार करो तुम भारी॥" आर. पी. सोनकर की ग़ज़ल काफी सराही गई-"जिस मज़हब में मानव को छू लेने भर से पाप लगे/तू उसमें सुख से रह लेगा, इस ग़फ़लत में मत रहना।" डा. खन्नाप्रसाद अमीन ने 'वे हैं मनुष्य' शीर्षक से कविता का पाठ किया -"वे हैं मनुष्य, कहेंगे कुछ और करेंगे कुछ, धर्म की ध्वजा और हिंदुत्व का झंडा लेकर घर-घर घूमेंगे, नवरात्रे में नारी को आद्य शक्ति कहेंगे, बेटी बचाओ का अभियान चलाएंगे और फिर कन्या भ्रूण हत्या भी करेंगे।" सईद परवेज़ की कविता पहाड़ बोला राही से भी खूब पसंद की गई -"राह चलते अँधेरा हो गया था, वहीं राही ने, सुनी चीत्कार करती सिसकियाँ! जो सन्नाटे को चीर-सी रही थी! उस सन्नाटे में, रह-रहकर सिसकियां बढ़ रही थीं! राही को वह चींखें, तेज सुनाई दे रही थीं, आश्चर्यचकित! होकर राही ने, देखा इधर-उधर पर, वहां तो कोई न था।" योगेंद्र प्रसाद अनिल ने हाइकु प्रस्तुत किए - "लूटे न तंत्र/संसद के अंगने/मनु वंशज। बंदर बैठे/बांटने को रोटियां/बिल्लियों म्याऊं। गूंगे गुलामों/इन्कलबिया बनो/आजादी बचा।"
उमेश राज़ ने दलित अस्मिता और अस्तित्व को चिन्हित करती हुई कविता प्रस्तुत की - "जब-जब तुम मुझे, मिट्टी में दबाने की कोशिश करोगे, मैं हर बार अंकुरित होकर पुष्पित-पल्लवित हो जाऊंगा, क्योंकि मैं बेहया का बीज हूँ। जब-जब तुम हमारे घरो को जलाकर, हमारी हस्ती मिटाने की कोशिश करोगे, मैं हरबार बस्ती बसाकर, तुम्हारे सामने खड़ा हो जाऊंगा, क्योंकि मैं बाबा साहेब का बहुजन मूल निवासी हूँ।" जोगेंद्र सिंह ने दलित जागरण से जुड़ी रचना पढ़ी - "ए बहुजन समाज के जिंदा लोगों, जागो, उठो कि संविधान खतरे में है, संघर्ष, तपस्या, मेहनत और बलिदान बाबा साहब का सम्मान खतरे में है।" तरुण कुमार ने सड़कों पर दहशतों का हुजूम शीर्षक से कविता प्रस्तुत की -" मकान बंद हो जाते हैं, दुकानें बंद हो जाती हैं, उस समय सब घरों में, ताले नजर आते हैं, सब जगह सन्नाटा तैरता है।" डा. पूनम तुषामड ने उमंग शीर्षक से स्त्री चेतना की सशक्त कविता प्रस्तुत की -"मैं पर्वतों के पार जाना चाहती हूं... मैं जिंदगी के गीत गाना चाहती हूं। ये आसमां जाने क्यों इतना दूर तक है... मैं इसको नाप आना चाहती हूं।" डा. मनोरमा गौतम ने दलितों की सामाजिक उपेक्षा पर सशक्त कविता भीतर के घाव पढ़ी- "छीन लिया हमसे, हमारे घर जमीन खेत खलिहान और बैल, ठेल दिया हमें गांव से बाहर गंदी बस्ती में रहने के लिए, उस बदबूदार दमघोंटू वातावरण में, टिस टिस कर मरने के लिए बना दिया गया हमें निर्बल लाचार।।" मोहनलाल सोनल मनहंस ने सावित्रीबाई फुले पर कविता पढ़ी -"सावित्रीबाई जन्मजयंती, आओ दिव्य चरण छू ले। सामाजिक बदलाव के अग्रदूत क्रांति जनक ज्योतिबा फूले।।" डा. नविला सत्यादास ने आर्थिक और सामाजिक विसंगति से जुड़ी गंभीर कविता प्रस्तुत की- "जब तक बहता रहता है शिराओं में गर्म लहू, आदमी जिंदा रहता है। इसलिए कैसी भी आग हो दहकते रहो, आदमी को ठण्डा गोश्त मत बनने दो, अन्यथा कुछ भी बाकी नहीं रहता, न ज़मीर, न सपना, न संघर्ष, न आदमी, इसलिये मैं आग से डरना नहीं लड़ना चाहती हूँ।" डा. घनश्याम दास ने कविता शीर्षक से कविता कुछ यूं प्रस्तुत की- "कविता मात्र कविता नहीं होती, वह होती है दस्तावेज, विराट जीवन का, वह पीड़ाओं कि कहानी है, दुखों का प्रस्फुटन है, थके हुए का विश्राम स्थल है।" बिभाष कुमार ने इंद्र कुमार मेघवाल से संबंधित सनहा से पहले शीर्षक से भावप्रवण कविता पढ़ी " दर्ज होने वाले सनहा से पहले, लिख लो रपट एक हमारी, कि मटका था मिट्टी का, मिट्टी थी उर्वर खेत की, कि खेत किसका था, अनुसंधान करो दरोगा जी!" इंदु रवि ने जिज्ञासा शीर्षक से कविता प्रस्तुत की- "नारी कर दो त्याग, स्वयं के समय का, खुद की भावनाओं का, खुद की ख्वाहिशों का, तुम्हें परिवार रूपी वृक्ष की टहनियों को संभालना है...।" विनोद सिल्ला ने बेटियों को शिक्षा पर ध्यान देने की बात कविता में कही- "बेटी तुझको पढ़ना होगा। पाखंडवाद रूढ़िवाद से फुले दम्पत्ति ज्यों लड़ना होगा।" चितरंजन गोप लुकाटी ने संगीत शीर्षक से कविता प्रस्तुत की -"बार-बार यह गीतम् , वाद्यम् तथा नृत्यम् का मनमोहक परिवेश सुनाता है--क्रंदन और हाहाकार!"
एस. एन. प्रसाद ने बेहतरीन गजल और दोहे प्रस्तुत किए। उनकी गजल कुछ इस प्रकार रही- "बहुत कुछ भूलना है याद बहुत रखना है। लेकिन बुराइयों का स्वाद नहीं चखना है। बहुजन समाज में कमियां बहुत हैं।ताकतें बढ़ानी हैं तो मिल जुलके रहना है।।" डा. कुसुम वियोगी ने देश के बिगड़ते हालातों पर अभिव्यक्ति दी और रचना के माध्यम से जनमानस को चेताने का काम किया- "तुम सभी मिलकर कोई युक्ति निकालो!, लड़खड़ाती सभ्यता फिर से संभालो!!, तुम सुलगती आग को काबू करो, या, आंधियों से देश को मेरे बचालो!!" इसी प्रकार अन्य कवियों की कविताएं भी समाज और जीवन के विविध पक्षों से जुड़ी रही। करीब तीन घंटे तक चली काव्य गोष्ठी में सभी कवियों की रचना तल्लीनता से सुनी और सराही गई। डा. अमित धर्मसिंह ने नदलेस की वर्ष भर की गतिविधियों पर संक्षिप्त प्रकाश डालते हुए नए साथियों को नदलेस का सदस्य बनने का आह्वान किया और सदस्य बन चुके रचनाकारों को सोच के आगामी अंक के लिए रचनाएं भेजने के लिए कहा। एस. एन. प्रसाद ने कहा कि नदलेस के मंच पर काव्य पाठ करने का चाव प्रत्येक कवि का होता है। देश भर से लोग जुड़ते हैं। नदलेस मौका भी सबको देता है। किसी के भी प्रति उपेक्षा का व्यवहार नहीं करता। नदलेस की लोकप्रियता का यह भी एक बड़ा कारण है। अध्यक्ष डा. कुसुम वियोगी ने अपने अध्यक्षीय वक्तव्य में कहा कि नदलेस ने बहुत कम समय में अपनी पहचान बनाई है। इसने देश भर के प्रतिष्ठित और युवा रचनाकारों को जोड़ने का महत्त्वपूर्ण कार्य किया है। युवाओं को संपादन के साथ-साथ मौलिक सृजन की ओर भी ध्यान देने की जरूरत है। नदलेस का केंद्रीय भाव है कि हक से पढ़े हक से लिखे हक से छपे और सबको जोड़े सबसे जुड़े। नदलेस इस ओर निरंतर प्रयासरत है। सभी रचनाकारों का धन्यवाद ज्ञापन डा. अमिता मेहरोलिया ने किया। गोष्ठी अपने शिखर पर पहुंचकर, नव वर्ष 2023 की अग्रिम बधाई और शुभकामनाओं के साथ संपन्न हुई।
हुमा खातून/सोमी सैन
प्रचार सचिव द्वय, नदलेस
9310044324
31/12/2022
नदलेस के विषय में एस एन प्रसाद जी विचार
अद्वितीय साहित्यिक मंच - " नदलेस "
------------------------------
साहित्यिक संस्था नदलेस अपने सवा साल की यात्रा में असम्भव कार्य को सम्भव कर दिखाया है।ऐसा नहीं कि इस गुरुतर कार्य में कोई समस्या या व्यवधान नहीं आया किन्तु उनका सामयिक निराकरण करके संस्था के पदाधिकारियों ने अपने बौद्धिकता का अनूठा परिचय दिया। पूर्व पदाधिकारियों का भी इसकी प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वर्तमान अध्यक्ष श्रद्धेय डॉ0 कुसुम वियोगी जी के निर्देशन तथा युवा प्रबुद्ध साहित्यकार जो संस्था के गठन- वर्ष में महामंत्री थे,चालू वर्ष में भी महामंत्री का दायित्व अपनी अकूत ऊर्जा के साथ निभा रहे हैं, के अथक प्रयास से नित नई ऊंचाइयां छू रहा है।खास बात यह है कि डॉ0 अमित धर्मसिंह जैसे युवा साहित्यकार में अतीव गम्भीरता एवं वैचारिक प्रौढ़ता कूट कूट कर भरा है। इनकी सदाशयता के कारण टीम नदलेश संस्था के परिष्कार एवं विस्तार में निरन्तर युद्ध स्तर पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। किसी में न अहंकार है न ही वर्चस्व की लड़ाई। शायद यही कारण है कि यह संगठन कम समय में साहित्यिक क्षेत्र में निर्विवाद प्रतिमान स्वरूप सम्पूर्ण भारत में तेजी से अग्रसर हो रहा है।
नए तथा अन्य संसथाओं से तिरस्कृत या यों कहें कि स्थान न पाने वाले लोगों को अवसर एवं सम्मान देकर उनको स्थापित करने का जो कार्य किया जा रहा , निसन्देह काबिले तारीफ है। यह संस्था किसी दूसरी संस्थाओं/संगठनों/मंचों आदि की कभी बुराई नहीं करती और नही ईर्ष्या-द्वेष का भाव रखती है। लोगों से जुड़ें और उनको जोड़ें के आदर्श वाक्य यथार्थ बन चुका है।
इनके द्वारा आयोजित ऑफ लाइन/आन कार्यक्रमों में समूचे भारत के हिंदी भाषा भाषी नये साहित्यकारों के साथ लब्ध प्रतिष्ठित विद्वानों की भारी उपस्थिति नदलेस की अनन्त सफलता है।
मैं नदलेस के माननीय अध्यक्ष डॉ0 कबीर कात्यायन जी, साहित्य के मर्मज्ञ महामंत्री डॉ0 अमित धर्मसिंह जी , कार्यकारिणी के समस्त सम्मानित सुधी सदस्य गण एवं इस मंच से जुड़ने वाले विद्वान साहित्यकारों को हृदय तल से सधन्यवाद अभार व्यक्त करता हूँ।
नया वर्ष 2023 आप सभी को सपरिवार मंगलमय हो।
-- एस. एन. प्रसाद,लखनऊ।
31/12/2025









Comments
Post a Comment